नौ वर्षों में 12 करोड़ से अधिक घरों तक नल से जल पहुंचाया : केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत
नई दिल्ली। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बीते 9 वर्षों में देश ने जल और स्वच्छता के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। जलशक्ति मंत्रालय के तहत चलाए जा रहे जल जीवन मिशन के तहत आज देश के 12 करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवारों में नल से शुद्ध जल की आपूर्ति सुनिश्चित कर दी गई है, वहीं स्वच्छ भारत मिशन के तहत 11 करोड़ से अधिक ग्रामीण घरों में शौचालय बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत जल और स्वच्छता के क्षेत्र में सर्वाधिक निवेश करने वाला देश बन गया है।
![]() |
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत |
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री बुधवार को भाजपा मुख्यालय में मोदी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर सरकार और मंत्रालय की उपलब्धियां बताने के लिए आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश के हालात बहुत खराब थे। चाहे पेयजल की व्यवस्था रही हो, स्वच्छता की व्यवस्था रही हो या फिर अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामले रहे हों, देश बहुत पीछे था। 68 प्रतिशत लोगों के पास शौचालय नहीं थे, महज 16.64 फीसदी घरों में ही नल से जल आता था, करोड़ों लोगों के पास न बिजली की व्यवस्था थी और न ही उनके बैंकों में खाते थे, लेकिन 2014 के बाद इस दिशा में जिस तरह से प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में काम किया गया है, वह दुनिया के लिए एक मिसाल है। आज जल और स्वच्छता के क्षेत्र में लागू की गई हमारी योजनाओं के परिणाम के कारण ही वैश्विक मंचों पर भारत की सराहना हो रही है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार भारत प्रथम की नीति के साथ आगे बढ़ रही है। सरकार की सभी योजनाएं सर्वसमावेशी और सर्वस्पर्शी रही हैं। इसी का नतीजा है कि आज हम एक बदला हुआ भारत देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों की कार्यपद्धति के कारण जनता का सरकार और लोकतंत्र से भरोसा समाप्त हो रहा था। नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व ने जनता को सरकार पर भरोसा करना सिखाया है। सेवा, सुशासन, नवाचार और दृढ़ इच्छाशक्ति हमारी सरकार का आधार पर रहा है, जबकि भ्रष्टाचार और आंतकवाद जैसे मुद्दों पर जीरो टॉलरेंस की नीति का अपनाया गया है।
उन्होंने
कहा कि देश में कुल 19.45 करोड़ घरों में से 2019 तक केवल 3.23 करोड़ यानी 16.64
फीसदी घरों तक ही नल से जल पहुंचता था, लेकिन पिछले तीन वर्षों के दौरान नौ करोड़ से अधिक
लोगों में नल से जल के कनेक्शन दिए जा चुके हैं। वर्तमान में 12.2 करोड़ घरों को
नल से जल की आपूर्ति हो रही है। देश में 4 केन्द्रशासित प्रदेशों-गोवा, पुडुचेरी, अंडमान और
निकोबार, दादर
नागर दमन दीव के अलावा 4 राज्य–गुजरात, हरियाणा, तेलंगाना और
बिहार में सौ फीसदी हर घर जल योजना को लागू कर दिया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार का मकसद न केवल हर घर नल से जल उपलब्ध कराने का है, बल्कि देश के हर नागरिक को स्वच्छ पेयजल भी मुहैया कराना है। पिछले तीन वर्षों के दौरान पानी की स्वच्छता को लेकर भी गंभीरता से काम किया गया है, जिसके लिए देश में जल परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं। उन्होंने बताया कि आज देश में 2086 जल परीक्षण प्रयोगशालाएं कार्य रही हैं। वहीं, जल जीवन मिशन शुरू होने से पहले इनकी संख्या महज 38 थी।
Post a Comment